कोहली का इंस्टाग्राम गायब, फॉलोअर्स घटने का दावा

Desk I WeeHours News I खेल I विराट कोहली के इंस्टाग्राम अकाउंट के अचानक गायब होने की खबर से सोशल मीडिया पर शुक्रवार (30 जनवरी) तड़के हड़कंप मच गया। जैसे ही लोगों ने देखा कि कोहली का अकाउंट दिखाई नहीं दे रहा है, तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं। कुछ यूज़र्स ने इसे सोशल मीडिया से उनके संन्यास से जोड़ दिया, जबकि कई लोगों ने इसे Instagram का तकनीकी ग्लिच बताया। हालांकि कुछ ही समय बाद किंग कोहली का अकाउंट फिर से एक्टिव हो गया और मामला शांत होता नजर आया। अकाउंट वापस आने के बाद सोशल मीडिया पर एक नया दावा तेजी से वायरल होने लगा। दावा किया गया कि अकाउंट बंद होते ही कोहली के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स एक झटके में करीब 70 लाख कम हो गए। वायरल तस्वीरों में दिखाया गया कि उनके फॉलोअर्स 705 मिलियन से घटकर 698 मिलियन रह गए। हालांकि इस दावे की किसी आधिकारिक पुष्टि नहीं है और सोशल मीडिया पर इस तरह के भ्रामक दावे पहले भी सामने आते रहे हैं। गौरतलब है कि इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किया जाने वाला अकाउंट खुद इंस्टाग्राम का ही है, जिसके करीब 698 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं विराट कोहली इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटर बने हुए हैं। इस समय उनके लगभग 274 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इस सूची में दूसरे नंबर पर भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्हें 51 मिलियन से अधिक लोग फॉलो करते हैं। खास बात यह है कि पहले और दूसरे नंबर के बीच करीब 222 मिलियन फॉलोअर्स का बड़ा अंतर है।